आसनसोल : आसनसोल साउथ थाना की पुलिस ने तृणमूल नेता राजू अहलूवालिया को 3 दिन का रिमांड पर लेकर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन आईएनटीटीयूसी के आसनसोल उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष राजू आहलूवालिया को रंगदारी, धमकी देने और अवैध वसूली समेत कई आरोपों के मामले में रविवार रात गिरफ्तार किया गया था। वहीं सोमवार को अभियुक्त राजू आहलूवालिया को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने पूरी घटना की जांच करने के लिए 7 दिन की मांग की। अदालत ने अभियुक्त को 3 दिनों की पुलिस रिमांड दी और 21 मई को दोबारा अदालत में पेश करने का निर्देश दिया।
क्या है घटना
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने पुलिस को सख्त निर्देश दिया है कि किसी भी प्रकार की रंगदारी, अवैध वसूली, धमकी और भय दिखाने जैसी गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी निर्देश के बाद राजू अहलूवालिया की गिरफ्तारी को इस अभियान की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक राजू अहलूवालिया के खिलाफ लंबे समय से रंगदारी और अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। उनके खिलाफ थाना में कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। पुलिस ने इन शिकायतों की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए रविवार शाम उन्हें गिरफ्तार किया था।