दुर्गापुर : कांकसा ब्लॉक अंतर्गत राजबांध स्थित बस स्टैंड के आसपास जलजमाव से यात्रियों समेत स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड के आसपास जलजमाव के खिलाफ प्रदर्शन किया एवं टोल प्लाजा के अधिकारियों को ज्ञापन दिया। इस संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश में राजबांध बस स्टैंड के सामने जलजमाव के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पानी जमने के कारण लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस रोड से होकर आवागमन करने में जोखिम उठाना पड़ता है। यह समस्या राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण है। मानसून का मौसम आने वाला है।
इसलिए मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए राजबांध क्षेत्र के लोगों ने बांसकोपा टोल प्लाजा के अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने की अपील की है। इस दिन धरना देने के अलावा क्षेत्र के लोगों ने अधिकारियों को लिखित रूप से अपनी मांगों से अवगत कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्विस रोड की खराब हालत और जल निकासी व्यवस्था खराब रहने के कारण उन्हें पिछले साल की तरह इस बार भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वहीं जोखिम उठाकर यात्रा करते समय क्षेत्र के कई लोग अपने हाथ-पैर तुड़वा चुके हैं। इलाके के लोगों ने टोल प्लाजा अधिकारियों को पहले ही सूचित कर दिया था ताकि इस वर्ष यह घटना दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि मंत्री प्रदीप मजूमदार की तत्परता और निर्देश पर जिस तरह कांकसा प्रखंड तथा पुलिस ने आम लोगों के साथ मिलकर सड़क की समस्याओं का समाधान किया, उसी तरह इस वर्ष शेष समस्याओं का भी समाधान हो जाए तो लोगों को लाभ मिलेगा। वहीं टोल प्लाजा अधिकारी सैकत कर ने बताया कि सड़क की समस्या का समाधान कर दिया गया है। हालांकि जल निकासी के संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मंजूरी मांगी गई है। सिंचाई विभाग से अभी तक अनुमति पत्र नहीं आया है। अनुमति मिलते ही काम शुरू किया जाएगा।