कुल्टी : बराकर बलतोड़िया इलाके के लोग अपनी बर्बादी का जश्न देखते रहे और रेलवे का बुलडोजर उनके आशियाना को रौंदता करता रहा। कुल्टी थाना क्षेत्र के बराकर बलतोड़िया इलाका स्थित गणेश मेला मैदान के समीप लगभग 400 लोगों का घर रेलवे की जमीन पर बसा हुआ है। रेलवे की ओर से इस बस्ती में रहने वाले लोगों को कई बार नोटिस देकर जगह खाली करने का फरमान जारी किया गया था। इसके बावजूद लोगों ने घर खाली नहीं किया। इसे लेकर रेलवे प्रशासन बराकर आरपीएफ के साथ बुलडोजर लेकर बलतोड़िया पहुंचा। रेलवे ने लगभग 20 घरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। हालांकि स्थानीय लोगों ने इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया लेकिन इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। इसे लेकर कांग्रेस नेता व विधानसभा चुनाव में कुल्टी के कांग्रेस प्रत्याशी रवि यादव ने कहा कि जिन लोगों ने चुनाव में वोट देकर जीत दिलायी, आज उसी पार्टी की सरकार है। सत्ताधारी पार्टी का कोई भी नेता इन गरीबों के घरों को बचाने के लिये नहीं आया। रवि यादव ने मांग की कि पहले रेलवे इस बस्ती में रहने वाले लोगों को विस्थापित करे, उसके बाद अपनी जमीन पर कब्जा करे। उन्होंने कहा कि इसे लेकर बराकर आरपीएफ निरीक्षक से बात कर उन्हें लगभग 10 दिनों की मोहल्लत दी जाये ताकि अपने घर का सारा सामान हटा सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलने लगा है। वहीं कहा कि बलतोड़िया में बीते एक सौ वर्षों से लोग रेलवे की जमीन पर निवास करते आ रहे हैं। इस इलाके के लोग यहां के मतदाता हैं।इसके बावजूद इस इलाके की जनता ने जिसे जीत का सेहरा पहनाया, उसी ने उनके चमन को उजाड़ दिया। ज्ञातव्य हो कि इस इलाके में रहने वाले लोग मेहनत - मजदूरी कर अपने परिवार का पालन करते हैं। तृणमूल की सरकार थी तो रेलवे की ओर से कब्जा हटाने का विरोध करते रही। वहीं जैसे ही भाजपा का सरकार आयी तो गरीबों का आशियाना टूटने लगा और लोग देखते रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि कम से कम उनकी सत्ताधारी पार्टी के प्रतिनिधि को आना चाहिये था।