बर्नपुर : बर्नपुर रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन जन जागरण कार्यक्रम चलाया गया। बता दें कि आरपीएफ पोस्ट बर्नपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आरपीएफ पोस्ट बर्नपुर के पोस्ट कमांडर की देखरेख में और जीआरपीएएस बर्नपुर के साथ मिलकर ऑपरेशन जन जागरण कार्यक्रम चलाया। इस मिशन के तहत बर्नपुर रेलवे स्टेशन पर एक जागरूकता कार्यक्रम और गहन जांच अभियान चलाया गया।
छापा और विशेष निगरानी अभियान चलाया गया
आरपीएफ पोस्ट बर्नपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल बुकिंग के समय बर्नपुर रेलवे स्टेशन के पीआरएस काउंटर पर एक छापेमारी और विशेष निगरानी अभियान चलाया। वहीं जांच के दौरान एक व्यक्ति मिला, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध और असामान्य लग रही थीं। पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने बताया कि उसने एक तत्काल टिकट खरीदा था। वहीं जब उससे पूछा गया तो उसने अपनी पहचान आदिल अख्तर (34) के रूप में बताई, जो निवासी इस्लामपुर मस्जिद लेन का रहने वाला है।
टिकट दलाल का हुआ भंडाफोड़
आदिल अख्तर ने बताया कि तत्काल टिकट बनवाने का वह प्रत्येक व्यक्ति से 100 रुपये अतिरिक्त लेता था। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट बर्नपुर ने एएसआई पीके रजक ने अभियुक्त को रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत दंडनीय अपराध करने के लिए धारा 179(2) के तहत गिरफ्तार किया और जब्त किए गए सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट बर्नपुर लाया गया। इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट बर्नपुर में उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत केस संख्या 169/2026 दर्ज किया गया है और जांच का कार्य एसआई आरआर पाल को सौंपा गया। गिरफ्तार व्यक्ति को संबंधित दस्तावेजों के साथ, आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीजेएम न्यायालय आसनसोल के समक्ष पेश किया गया।