एसपी, सन्मार्ग संवाददाता
कुल्टी : आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण रखने और कालाबाजारी व मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर शनिवार को कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर बाजार में खाद्य तेल की दुकानों पर संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एनफोर्समेंट ब्रांच, कृषि विपणन विभाग और लीगल मेट्रोलॉजी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, चावल, दाल, आलू-प्याज के साथ सरसो के तेल समेत 15 आवश्यक वस्तुओं की कीमतों और गुणवत्ता पर नियमित रूप से नजर रखी जा रही है। खाद्य सुरक्षा कानून के तहत उचित लेबलिंग और निर्धारित गुणवत्ता के बिना खाद्य तेल की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। हालांकि, शनिवार को चलाए गये इस अभियान के दौरान कितनी दुकानों की जांच की गई और किसी खाद्य तेल का नमूना संग्रह किया गया या नहीं, इस संबंध में प्रशासन की ओर से फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि इस तरह की कार्रवाई से बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।बराकर में चलाये गये छापेमारी अभियान से तेल व्यवसायियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं छापेमारी टीम में शामिल अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों में किसी तरह की मिलावट बर्दास्त नहीं की जायेगी।