सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल / बर्नपुर : छठ महापर्व से पहले आसनसोल और बर्नपुर के प्रमुख बाजारों में प्रशासन ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। त्योहार के दौरान बाजारों में मिलावट, अधिक दाम वसूलने और घटतौली की शिकायतों को रोकने के लिए एग्री मार्केटिंग, लीगल मेट्रोलॉजी और ईबी (इंफोर्समेंट ब्रांच) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को विभिन्न दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने सबसे पहले बर्नपुर के बस स्टैंड के पीछे बाजार, बर्नपुर बाजार, सुभाष पल्ली इलाके एवं आसनसोल के एनएस रोड एवं बाजार इलाके में जांच की। इस दौरान चीनी बेचने वाली दुकानों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने चीनी के स्टॉक, गुणवत्ता, पैकेजिंग, एमआरपी और वजन की जांच की। अधिकारियों का कहना है कि छठ पूजा में चीनी और गुड़ की मांग काफी बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ दुकानदार मिलावटी या कम वजन वाली चीनी बेचने की कोशिश करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान चलाया गया। दुकानदारों में मचा हड़कंप : एग्री मार्केटिंग, लीगल मेट्रोलॉजी और ईबी की संयुक्त छापेमारी से आसनसोल एवं बर्नपुर के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। एग्री मार्केटिंग विभाग की टीम ने चीनी के थोक विक्रेताओं के गोदामों की भी जांच की। स्टॉक रजिस्टर, बिल और लाइसेंस की जांच की गई। कहीं-कहीं बिना बिल के चीनी का स्टॉक मिलने की बात सामने आई है। अधिकारियों ने कहा कि बिना बिल के सामान बेचना गैरकानूनी है। ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ईबी की टीम ने बाजार में घूम-घूमकर दुकानदारों से एमआरपी से अधिक दाम न लेने की अपील की। टीम ने ग्राहकों से भी कहा कि अगर कोई दुकानदार अधिक दाम लेता है या घटतौली करता है, तो तुरंत शिकायत करें। जांच के दौरान कुछ दुकानों में एक्सपायरी डेट वाली पूजा सामग्री अधिकारियों ने कहा कि छठ पूजा आस्था का महापर्व है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्या कहा अधिकारियों ने : अधिकारियों ने बताया कि छठ पूजा तक यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। आसनसोल और बर्नपुर के अलावा कुल्टी, बराकर, चित्तरंजन और जामुड़िया के बाजारों में भी जांच की जाएगी। अगर जांच में गड़बड़ी पाई गई तो दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर लाइसेंस रद्द करने की भी कार्रवाई होगी। प्रशासन ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया है कि सभी सामान पर एमआरपी स्पष्ट रूप से अंकित हो, वजन सही हो और बिल अवश्य दिया जाए। छठ व्रतियों को शुद्ध और सही सामान मिले, यही प्रशासन का उद्देश्य है। इस मौके पर एग्री मार्केटिंग विभाग के स्वागोतो रॉय, मुदुस एसके , लीगल मेट्रोलॉजी इंस्पेक्टर आनंद प्रामाणिक, ईबी अधिकारी तोफेल अहमद खान, सुशील किस्कू, एसडीओ ऑफिस के अधिकारी, हीरापुर एवं साउथ थाना के पुलिस अधिकारी मौजूद थे।