सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : रघुनाथपुर नगरपालिका में वित्तीय अनियमितताओं और जमीन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामलों की जांच में राज्य की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने एक बार फिर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को गिरफ्तार एवं निलंबित इंजीनियर विजय कुमार मणि को साथ लेकर एसीबी की जांच टीम रघुनाथपुर नगरपालिका कार्यालय पहुंची। यहां वर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष तरणी बाउरी तथा दो पूर्व नगर प्रमुख मदन बराट और भवेश चट्टोपाध्याय को गिरफ्तार इंजीनियर के सामने बैठाकर करीब दो घंटे तक पूछताछ की गई।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान जांच अधिकारियों ने नगरपालिका के कई कर्मचारियों से भी अलग-अलग सवाल किए। जांच के क्रम में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अधिकारियों द्वारा एकत्र किए जाने की खबर है। हालांकि, जांच टीम की ओर से इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि रघुनाथपुर नगरपालिका के निलंबित इंजीनियर विजय कुमार मणि के खिलाफ मिली भ्रष्टाचार से संबंधित कई शिकायतों के आधार पर गत 23 सितंबर से राज्य की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने जांच शुरू की थी। जांच के क्रम में ही विजय कुमार मणि को गिरफ्तार किया गया था। अब गिरफ्तार इंजीनियर के साथ वर्तमान और दो पूर्व अध्यक्षों को आमने-सामने बैठाकर की गई पूछताछ को इस मामले में अहम माना जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद रघुनाथपुर नगरपालिका में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सूत्रों का यह भी कहना है कि जांच की आवश्यकता के अनुसार दोनों पूर्व अध्यक्षों से आने वाले दिनों में दोबारा पूछताछ की जा सकती है। फिलहाल एसीबी की जांच में भ्रष्टाचार से जुड़े और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं, इस पर रघुनाथपुरवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।