आसनसोल

युवा वैज्ञानिकों को मंच प्रदान करना जरूरी : उज्जवल विश्वास

आसनसोल : शहर के विवेकानंद सरणी स्थित आरके मिशन के ऑडिटोरियम हॉल में शुक्रवार को काजी नजरूल विश्वविद्यालय (केएनयू) का 8 वीं क्षेत्रीय एवं प्रौद्योगिकी कांग्रेस (रीजन - 2) का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं शोधकर्ताओं के बीच वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और अकादमिक संवाद को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री उज्जवल विश्वास ने मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि युवाओं को अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की जरूरत है। राज्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के विकास पर बल देना चाहिए। कार्यक्रम का शुभारंभ पांच विश्वविद्यालयों के कुलपतियों व मंत्री उज्जवल विश्वास द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस क्षेत्रीय विज्ञान कांग्रेस में पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों से आए शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा वैज्ञानिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, समसामयिक वैज्ञानिक विषयों पर विचार - विमर्श को बढ़ावा देना तथा राज्य में वैज्ञानिक वातावरण को सुद्ढ़ करना रहा। कार्यक्रम के तहत रवींद्र भवन से आरके मिशन तक एक विज्ञान रैली का आयोजन किया गया, जिससे समाज में वैज्ञानिक चेतना का प्रचार हो सके। साथ ही केएनयू में विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने विकसित विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। मौके पर केएनयू के कुलपति डॉ. उदय बंद्योपाध्याय, आरके मिशन के सचिव स्वामी सौमात्मानंदजी महाराज सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, केएनयू के रजिस्ट्रार डॉ. चंदन कोनार सहित अन्य उपस्थित थे।


SCROLL FOR NEXT