आसनसोल

बर्नपुर रिवरसाइड टाउनशिप का मेन गेट बंद कर किया गया प्रदर्शन

रिवरसाइड टाउनशिप का पिछला गेट बंद होने पर हुआ बवाल

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : SAIL-ISP बर्नपुर की रिवरसाइड टाउनशिप स्थित पिछला गेट (नावा घंटी के पास) बंद किए जाने को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। गेट बंद होने से आक्रोशित स्थानीय लोगों और भाजपा समर्थकों ने टाउनशिप के मुख्य गेट(मानिक चंद मोड़) पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर CISF और हीरापुर थाना की पुलिस को आकर मामले को शांत कराना पड़ा। काफी देर तक गेट के पास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।स्थानीय लोगों और बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह पिछला गेट लगभग 100 साल पुराना है और दशकों से हजारों लोगों के आने-जाने का मुख्य रास्ता है। इसके बंद हो जाने से स्कूली बच्चे, कर्मचारी, बाजार जाने वाले लोग और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने कुछ अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें बर्नपुर के इतिहास और भूगोल की कोई जानकारी नहीं है। केवल आदेश जारी कर स्थानीय लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गेट को जल्द नहीं खोला गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले पिछला गेट बंद कर दिए जाने से माहौल काफी दिनों से गर्म था वहीं जब मंगलवार को कई अधिकारी जब ड्यूटी जाने के लिए निकले तो मुख्य रास्ता बंद मिलने से उन्हें पिछला गेट की ओर जाना पड़ा। साथ ही कहा कि प्रदर्शन के कारण मुख्य गेट पर भी आवाजाही बाधित हो गई और अधिकारियों को ड्यूटी पर जाए बिना वापस अपने क्वार्टर लौटना पड़ा। घटना को लेकर कर्मचारियों में रोष है। उनका कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के गेट बंद करने से न केवल आम लोग बल्कि ड्यूटी पर जाने वाले अधिकारी भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता ने कहा कि इस मामले में प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि इसको लेकर एक बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इस मौके पर मुख्य रूप से गौरव बनर्जी, पवन सिंह, पप्पू हेंब्रम, सोमू भंडारी, बाबू मित्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बीजेपी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT