आसनसोल : आसनसोल दक्षिण विधानसभा के हीरापुर निवासी सोमू भंडारी इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। बता दें कि 9 मई को शुभेंदु अधिकारी के सीएम बनने के बाद सोमू ने 2 किलोमीटर तक दंडवत प्रणाम करते हुए घाघरबूढ़ी काली मंदिर पहुंचकर अपनी मन्नत पूरी की। सोमू भंडारी का कहना है कि वे राज्य में बढ़ती हिंसा, भ्रष्टाचार और दबंगई से परेशान थे। कुछ समय पहले बाराबनी में रिश्तेदार के घर गये थे। वहां का माहौल देखकर मन आहत हुआ, तभी ठान लिया कि बंगाल में बदलाव चाहिए। रविवार सुबह सोमू भंडारी अपने घर से दंडवत करते हुए निकले। करीब 2 किलोमीटर की दूरी तय कर घाघरबूढ़ी काली मंदिर पहुंचे। रास्ते में स्थानीय लोग भी उनके साथ जुड़ते गए। मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया।
भाजपा कार्यकर्ता ने किया विरोध
आसनसोल साउथ मंडल-2 के जनरल सेक्रेटरी बृजेश वर्मा ने आरोप लगाते हुये कहा कि सोमू भंडारी एक तृणमूल कार्यकर्ता था और भाजपा के जीत होने के बाद वह भाजपा समर्थक बनने का नाटक कर रहा है। आगे बताया कि चुनाव के दो दिन पहले यही सोमू भंडारी ने हीरापुर इलाके में भाजपा का झंडा लगाने नहीं दिया था और अब भाजपा कार्यकर्ता बनकर नाटक कर रहा है।