दुर्गापुर : दुर्गापुर के नेहरू स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री 18 तारीख को बिहार के मोतिहारी में रैली समाप्त करने के बाद अंडाल के काजी नजरूल इस्लाम हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से सीधे दुर्गापुर इस्पात नगरी स्थित नेहरू स्टेडियम में होने वाली जनसभा में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए भी नेहरू स्टेडियम में एक बड़ी रैली की थी। अब 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी यह जनसभा बंगाल भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस रैली को लेकर बंगाल भाजपा नेतृत्व ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। नेहरू स्टेडियम में रंग-रोगन और मैदान को सजाने का काम जोर-शोर से चल रहा है। वहीं, स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की देखरेख में सभा स्थल तैयार किया जा रहा है। सभा स्थल के निर्माण में कई जेसीबी और क्रेन का उपयोग किया जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषक प्रधानमंत्री की रैली को 21 जुलाई को होने वाले तृणमूल कांग्रेस के शहीद दिवस से पहले बेहद महत्वपूर्ण मान रहे हैं। यह रैली राज्य में भाजपा की चुनावी रणनीति और तैयारियों को दर्शाएगी। दुर्गापुर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा में भारी उत्साह दिख रहा है। इस दौरान भाजपा के कई उच्च स्तरीय नेता एवं प्रशासनिक अधिकारी सभा स्थल का निरीक्षण करने के लिए पहुंच रहे हैं।