अंडाल : ईसीएल के काजोड़ा क्षेत्र अंतर्गत बंद पड़ी मधुजोड़ - जयपुरिया कोलियरी को एमडीओ मॉड में खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। ईसीएल प्रबंधन ने उक्त कोलियरी को एमडीओ मॉड में खोलने के लिए एक प्राइवेट कंपनी को सौंपा है। वहीं उक्त कोलियरी के पुनः खुलने की तैयारी से इलाके के जमीन मालिक अंडाल कृषि जमीन जीवन जीविका रक्षा कमेटी नामक संगठन तैयार कर विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की रूप-रेखा बनाने में जुट गये हैं। रविवार को मधुजोड़ कोलियरी को एमडीओ मॉड में पाने वाली कंपनी कोलियरी प्रांगण में कार्यालय खोलने की तैयारी करने आये तो जमीन मालिकों ने बाधा उत्पन्न की जिससे उक्त कंपनी के लोगों को वहां से पीछे हटना पड़ा। जमीन मालिकों के संगठन के अध्यक्ष उज्जवल पाल ने कहा कि मधुजोड़ कोलियरी के लिए जिस वक्त जमीन अधिग्रहण किया गया था, उस वक्त के 32 जमीनदाताओं को आज तक नौकरी नहीं मिली है। प्रबंधन पहले 32 लोगों को नौकरी दे। जमीन मालिकों ने कहा कि वर्तमान समय में प्राइवेट संस्था कोलियरी पुनः चालू करने के लिए दलालों के जरिये जमीन लेने की कोशिश कर रही है। ऐसा होने नहीं दिया जायेगा। कंपनी डायरेक्ट जमीन मालिकों से बात कर जमीन अधिग्रहण करे। जमीन मालिकों के आंदोलन के कारण प्राइवेट कंपनी को कार्यालय खोलने में बाधा का सामना करने को लेकर ईसीएल के काजोड़ा क्षेत्रीय प्रबंधन और उक्त प्राइवेट कंपनी की तरह से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।