प्रदर्शन करते कांग्रेस समर्थक  
आसनसोल

मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के विरोध में बांकुड़ा जिला कांग्रेस का प्रदर्शन, थाना घेराव

Gopal Kumar Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता

बांकुड़ा : नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान और पार्टी के जिला अध्यक्ष शुभाशीष भट्टाचार्य की गिरफ्तारी के बाद बंगाल की सियासत गरमा गई है। इस कार्रवाई के विरोध में बांकुड़ा जिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए थाने का घेराव किया। पार्टी ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने और राज्य को विपक्ष-मुक्त करने के फासीवादी हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया है। उल्लेखनीय है कि वाममोर्चा शासनकाल में नंदीग्राम आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे मिलन प्रधान को कांग्रेस ने आगामी उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है। शनिवार दोपहर बांकुड़ा शहर के माचानतला से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। वहीं जैसे ही प्रदर्शनकारी प्रमुख मार्गों से होते हुए थाने की ओर बढ़े, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई और सरकार विरोधी जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बांकुड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक विश्वास ने कहा कि सत्ता पक्ष चुनाव हारने के डर से बौखला गया है। उन्होंने आरोप लगाया, मिलन प्रधान पर 2007 का एक पुराना और मनगढ़ंत केस दर्ज है। इसके बाद कई चुनाव निकल गए, लेकिन अब जैसे ही उन्हें उम्मीदवार घोषित किया गया, प्रचार से रोकने के लिए दुर्भावनापूर्ण तरीके से गिरफ्तार कर लिया गया। प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष राधारानी बनर्जी, प्रदेश कांग्रेस सदस्य श्रीमंत नंदी, विश्वरूप पाल, पवन सेलामपुरिया, स्वरूप चट्टोपाध्याय और झरना मंडल समेत कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

SCROLL FOR NEXT