इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : सड़क के गड्ढे में जमा पानी गाड़ी के पहिये से छिटककर बाइक सवार पर लग गया। बस इसी छोटी-सी बात पर शुरू हुई बहस खूनी झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक महिला ने पत्थर उठाकर पावर ग्रिड के कर्मचारी के सिर पर दे मारा। घटना के बाद पुलिस ने मौके से ही एक यूट्यूब चैनल के मालिक को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पावर ग्रिड के कर्मचारी पूर्णब्रत बेहेरा कंपनी की गाड़ी से दुर्गापुर के पारुलिया से बांकुड़ा जा रहे थे। रास्ते में गड्ढे का पानी गाड़ी के चक्के से उछलकर बगल से जा रहे बाइक सवार के ऊपर गिर गया। इसी बात को लेकर बाइक सवार ने गाड़ी रुकवाकर बहस शुरू कर दी।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान बाइक सवार ने हेलमेट उतारकर चालक के मुंह पर थूक दिया। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
इसके बाद मामला और बिगड़ गया। आरोप है कि गाड़ी में सवार एक महिला ने सड़क किनारे से पत्थर उठाकर पूर्णब्रत बेहेरा के सिर पर मार दिया। पत्थर लगने से वह खून से लथपथ हो गया।
वहीं घायल कर्मचारी को तुरंत अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं इस घटना को लेकर न्यू टाउनशिप थाने में लिखित शिकायत दर्ज की गई है। इस दौरान पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।