आसनसोल : गुरुवार दोपहर शिल्पांचल में हुई लगभग एक घंटे मूसलधार बारिश ने नगर निगम की निकासी व्यवस्था का पोल खोल दिया। वहीं बारिश से आसनसोल के हटन रोड इलाके में भीषण जल जमाव हो गया। गौरतलब है कि आसनसोल शहर की मुख्य सड़क हटन रोड ने एक घंटे की मूसलाधर बारिश से नदी का रूप ले लिया था, जिससे वहां रहने वाले लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर भाजपा नार्थ मंडल 2 के अध्यक्ष सुदीप चौधरी ने कहा कि बारिश से हटन रोड को नदी बनने का मुख्य कारण छोटे नालों और बड़े नालों का जाम होना है, जिस पर नगर निगम कोई ध्यान नहीं दे रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि हटन रोड स्थित बन रही नाली का काम तीन महीने से रोका हुआ है, जिससे नाली पूरी जाम हो गई है। साथ ही रंजन केबिन के पास बड़े नाले की सफाई कई दिनों से नहीं हुई है और पानी जमा होने का मुख्य कारण यह है कि तालाब को अवैध रूप से भर दिया गया है और उस पर मकान बना लिया गया है। साथ ही उन्होंने बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी, एमएमआईसी गुरदास चटर्जी एवं पार्षद शिखा घटक पर आरोप लगाते हुये कहा कि उनका ध्यान इस समस्या की ओर क्यों नहीं जाता।
बोरो चेयरमैन ने कहा
आसनसोल नगर निगम बोरो 4 के चेयरमैन राजेश तिवारी ने बताया कि बारिश के कारण नालियों का निर्माण कार्य रुक गया है। बारिश खत्म होते ही काम शुरू हो जाएगा और लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि यह काम उनके द्वारा शुरू किया गया था, जिसे वह जल्द पूरा करेंगे और वार्ड 46, 47 एवं 48 में विकासमूलक कार्य हो रहे हैं। बारिश के कारण कुछ काम रुका हुआ है, जिसे बारिश खत्म होने के बाद शुरू किया जाएगा।