आनंद, सन्मार्ग संवाददाता
मुर्शिदाबाद : जिला के सालार इलाके के खाड़ेरा गांव में रात भर पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई। आरोप है कि इस दौरान लगातार बमबारी की गई। इस घटना में सालार थाने के एएसआई सादेक अली गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और वे जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। खबर मिलते ही आधी रात को मुर्शिदाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सचिन मक्कर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सदर) अभिषेक यादव समेत भारी पुलिस बल सालार पहुंचा। स्थिति पर काबू पाने के लिए आसपास के चार थानों से भारी पुलिस बल बुलाकर पूरे गांव को घेर लिया गया। ग्रामीणों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इलाके में काफी तनाव बना हुआ है। इस घटना की शुरुआत रविवार रात जुए के एक ठिकाने पर पुलिस की छापेमारी से हुई। पुलिस पर एक घर में तोड़फोड़ करने का आरोप है, जिसके बाद स्थिति रणक्षेत्र में बदल गई। हालांकि, भारी पुलिस बल के पहुंचते ही सुबह से स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।