पांडवेश्वर : पांडवेश्वर थाना अंतर्गत नवग्राम में चोरी के एक मामले में दबिश देने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। उग्र भीड़ ने गिरफ्तार 4 अभियुक्तों को पुलिस हिरासत से छुड़ाने का प्रयास किया और जमकर उपद्रव मचाया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस के 3 वाहनों में तोड़फोड़ की। हमले और धक्का-मुक्की में 2 पुलिस कर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने रविवार को इलाके में सघन छापेमारी कर 8 महिलाओं समेत कुल 10 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चार संदिग्धों को पकड़ते ही भड़की भीड़
जानकारी के अनुसार, ईसीएल की बंकोला कोलियरी में 12 अगस्त को पंप चोरी की घटना हुई थी। शनिवार देर रात अंडाल पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर जांच व छापेमारी के लिए नवग्राम गांव पहुंची। पुलिस टीम ने दबिश देकर 4 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस जैसे ही चारों को गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगी, स्थानीय लोगों ने रास्ता रोक लिया। वहीं देखते ही देखते भीड़ हिंसक हो गई और पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया। उपद्रवियों ने पकड़े गए अभियुक्तों को जबरन छुड़ाने की कोशिश की और पुलिस वाहनों पर पथराव व तोड़फोड़ शुरू कर दी। उपद्रवियों को नियंत्रित करने के प्रयास में 2 पुलिस कर्मी चोटिल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के थानों से बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर भेजा गया, जिसने देर रात स्थिति पर काबू पाया।
इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात
वारदात के बाद से पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। रविवार सुबह डीसीपी (ईस्ट) रसप्रीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने नवग्राम में रूट मार्च और तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 8 महिलाओं समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।