सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर :
बर्नपुर शिव स्थान महाबीर दल सेंट्रल अखाड़ा की ओर से रविवार को हीरापुर थाना प्रभारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अखाड़ा के शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं नियमपूर्वक संचालन में पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए भरपूर सहयोग के लिए थाना प्रभारी को पगड़ी पहनाकर सम्मान दिया गया। अखाड़ा कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने कहा कि महाबीर दल सेंट्रल अखाड़ा बर्नपुर क्षेत्र का एक ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित अखाड़ा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अखाड़ा सदस्य इसमें शामिल होते हैं। इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार अखाड़ा का संचालन पूरी भव्यता के साथ किया गया। अखाड़ा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती होती है, लेकिन हीरापुर थाना पुलिस ने पूरी मुस्तैदी और सहयोग के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। पुलिस की सक्रियता के कारण पूरा आयोजन बिना किसी विघ्न के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। वहीं थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने भी अखाड़ा कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस हमेशा जनता के सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि त्योहार और अखाड़ा जैसे आयोजनों में पुलिस और जनता के बीच समन्वय से ही शांति व्यवस्था कायम रहती है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने का आश्वासन दिया। इस मौके पर शिव स्थान महाबीर दल सेंट्रल अखाड़ा के महासचिव गौरी शंकर सिंह , ओम प्रकाश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।