सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल उत्तर थाना के कन्यापुर पुलिस फाड़ी क्षेत्र के जुबली मोड़ पर बीते रात करीब साढ़े 9 बजे अवैध कोयला लदे तीन ट्रकों को पुलिस ने जब्त किया। साथ ही ट्रकों के तीन ड्राइवरों को भी गिरफ्तार कर पुलिस अवैध कोयला को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस और CISF के संयुक्त तत्वावधान में अवैध कोयला लदे ट्रकों को पकड़ा गया। इस घटना के कुछ देर बाद मिली जानकारी के मुताबिक नूनी मोड़ से भी पुलिस और सीआईएसएफ ने मिलकर दो और ट्रकों को जब्त किया, जिस पर अवैध कोयला लदा था। हालांकि पुलिस ने केवल तीन ट्रकों को जब्त और तीन की गिरफ्तारी की पुष्टि कर रही है।
अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ CISF और पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में आसनसोल में कुल 5 कोयला लदे ट्रकों को जब्त किया। इस कार्रवाई से कोयला तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया ।
जब्त किए गए दो ट्रकों के नंबर WB 37E 7551 और WB 37L 7685 बताए गए हैं। इनमें से एक ट्रक के पीछे की नंबर प्लेट ढकी हुई थी, हालांकि आगे की नंबर प्लेट पर गाड़ी का नंबर स्पष्ट दिखाई दे रहा था।
ट्रक ड्राइवर से पूछताछ के दौरान पता चला कि ट्रक झारखंड के ताजमहल कोलियरी से कोयला लेकर कोलकाता की ओर जा रहा था। चालक के अनुसार, गाड़ी मालिक का नाम आनंद है और वह जामुड़िया का रहने वाला है। कोयला लदे ट्रकों के दस्तावेजों में गड़बड़ी पाए जाने के बाद पुलिस ने तीनों ट्रकों को जब्त कर लिया। इस पूरी कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई है। पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए ट्रकों और उनके ड्राइवरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।