आसनसोल

जावेद बारी हत्याकांड का पुलिस ने किया परत दर परत खुलासा

शूटर व गैंग का सरगना हथियार के साथ गिरफ्तार

कुल्टी : कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर रहमान पाड़ा में बीते 29 अगस्त को जावेद बारी नामक एक व्यक्ति की हत्या कर दी गयी थी। इस घटना में शामिल सभी शूटरों एवं गैंग के सरगना को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस घटना के दो सप्ताह के अंदर सभी अभियुक्तों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसके लिये लोगों ने कुल्टी एसीपी, कुल्टी थाना प्रभारी कृष्णेन्दु दत्ता एवं नियामतपुर पुलिस प्रभारी अखिल मुखर्जी को धन्यवाद दिया। इस मामले में पुलिस ने सबसे पहले जावेद बारी के चचेरे भाई इंतेखाब आलम को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद परत दर परत राज खुलता चला गया। इंतेखाब आलम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी बहन फरहा नाज को जलपाईगुड़ी से गिरफ्तार किया। फरहा नाज के बयान पर घटना के शूटर आदिल आलम एवं बाइक चलाने वाले मो. एहतेशाम उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया। बाद में पुलिस ने मो. सुलतान, फैजल शाह, सैयद अख्तर को भी गिरफ्तार किया। अंत में पुलिस ने इस घटना के मास्टर माइंड मो. चांद उर्फ सैफ अली कुरैशी को आसनसोल रेलपार इलाके से एक पिस्तौल, एक मैगजीन एवं तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। इस घटना में शामिल 10 लोगों में 8 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस शीघ्र ही फरहा नाज के पति आशिफ खान एवं जावेद कुरैशी की गिरफ्तारी करेगी। वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों को चार दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।

घटना के पहले की गई थी रेकी

इस सबंध में डीसीपी वेस्ट संदीप कर्रा ने बताया कि जावेद बारी की हत्या को लेकर जावेद कुरैशी ने तीन से सात दिनों तक नियामतपुर रहमान पाड़ा में रेकी की थी। जावेद बारी एवं उसके परिवार की जलपाईगुड़ी में 38 डिसमिल जमीन थी जिसे लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। जावेद की चचेरी बहन उस जमीन का पावर ऑफ अटार्नी अपने नाम कराकर उसे बिक्री करना चाहती थी। जावेद बारी ने इस मामले में पुलिस से शिकायत कर जमीन की बिक्री पर रोक लगा दी। इसे लेकर फरहा नाज के पति आसिफ खान ने जावेद बारी की हत्या कराने के लिये आसनसोल निवासी मो. चांद को 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। मो. चांद ने शूटरों को किराये पर लेकर उन्हें हथियार उपलब्ध कराये थे।

SCROLL FOR NEXT