बांकुड़ा: विष्णुपुर के पूर्व विधायक तन्मय घोष के पारिवारिक होटल के गोदाम पर पुलिस और प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से जमा करके रखी गई भारी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद की है। जब्त सामानों में आपदा पीड़ितों के लिए आने वाले तिरपाल और दिव्यांगजनों के इस्तेमाल में आने वाली बैसाखियां (क्रेच) आदि शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं को गुप्त सूचना मिली थी कि पूर्व विधायक के पारिवारिक स्वामित्व वाले एक लॉज/होटल के गोदाम में सरकारी राहत सामग्री का स्टॉक छिपाकर रखा गया है। इस खबर के फैलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता होटल के बाहर जमा हो गए। कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे तुरंत गोदाम की तलाशी लेने की मांग पर अड़ गए। हंगामे और भारी तनाव की सूचना मिलते ही विष्णुपुर थाना की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने तत्परता दिखाई और होटल के गोदाम में छापेमारी की। तलाशी के दौरान अधिकारियों के भी होश उड़ गए, जब वहां सरकारी सप्लाई के तिरपालों और दिव्यांगों के लिए आने वाली बैसाखियों का बड़ा जखीरा मिला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया। भाजपा नेता उज्जवल मन्ना ने कहा,"पूर्व विधायक ने आम जरूरतमंदों और आपदा पीड़ितों को राहत सामग्री बांटने के बजाय, उसे अपने फायदे के लिए गोदाम में दबाकर रख लिया। यह सीधे तौर पर जनता के हक पर डाका है।"
आरोप- 'मदद मांगने पर खाली हाथ लौटा देते थे'
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके के लोगों और विशेष रूप से दिव्यांगजनों में गहरा आक्रोश है। स्थानीय निवासियों ने पूर्व विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तन्मय घोष विधायक थे, तब अगर कोई गरीब, असहाय या जरूरतमंद मदद की गुहार लेकर उनके पास जाता था, तो वे बहाना बनाकर उन्हें खाली हाथ वापस लौटा देते थे। अब यह पूरी तरह साफ हो गया है कि जनता के हक का सामान गरीबों में बांटने के बजाय अपने निजी फायदे के लिए डंप करके रखा गया था। इधर प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी सामग्री पूर्व विधायक के निजी परिसर तक कैसे पहुंची और इसके पीछे किन-किन लोगों की मिलीभगत है। हालांकि इस घटनाक्रम को लेकर पूर्व विधायक तन्मय घोष की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।