आसनसोल

पुलिस अधिकारी पर लगा महिला से दुर्व्यवहार का आरोप

4 घंटे तक चला जमकर हंगामा

आसनसोल : आसनसोल साउथ पीपी इलाके स्थित बुधवार देर रात सेनरेले रोड पर कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी द्वारा महिला को झापड़ मारने का आरोप लगा है। इस घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता से माफी मांगने की मांग करते हुए जमकर हंगामा एवं प्रदर्शन किया गया। आक्रोशित स्थानीय लोग कुछ देर तक भगत सिंह मोड़ पर पथावरोध कर पुलिस के खिलाफ नारे लगाते रहे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने साउथ पीपी कार्यालय का घेराव कर पुलिस अधिकारी को महिला से माफी मांगने की मांग की। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता महिला रानीगंज की रहने वाली है। वह अपने परिचितों के साथ आसनसोल आयी हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार दो लड़कों के बीच कुछ बात को लेकर बहस हो रही था, इसमें उस महिला का भाई भी था। इस दौरान महिला द्वारा उस झड़प का वीडियो बनाया जा रहा था। इसी समय उस क्षेत्र से गुजर रहे पुलिस अधिकारी ने उन्हें रोकने का प्रयास करते हुए धमकाया। उस दौरान वह महिला उस पुलिस अधिकारी का भी वीडियो बनाने लगी। पीड़िता का आरोप है कि उसे वीडियो बनाने से रोकते हुए पुलिस अधिकारी ने उसे एक झापड़ लगा दिया। इस घटना से आक्रोशित हो पीड़िता ने अपने परिजनों को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलपार सहित कई अन्य इलाके से लोग वहां इकट्ठा हो प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान पीपी कार्यालय एवं सड़क पर 4 घंटे तक जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा भी चलता रहा। जानकारी मिलते ही कुछ नेताओं ने भी मौके पर पहुंच लोगों को समझाने का प्रयास किया पर प्रदर्शनकारी कुछ मानने को तैयार ही नहीं हुए।

पुलिस अधिकारी के खिलाफ थाना में हुई शिकायत

साउथ पीपी थाना प्रभारी मानव घोष ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवाने एवं उचित न्याय दिलवाने का विश्वास दिलाने का वादा किया पर प्रदर्शनकारी नहीं माने। वहीं जानकारी मिलते ही एसीपी अब्दुल गफ्फार भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने पीड़िता को इस संबंध में एक शिकायत दर्ज करवाने को कहा। उसके बाद महिला के पिता द्वारा थाना में शिकायत दर्ज करायी गयी। पुलिस ने उसे आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जायेगी। पुलिस के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी चले गये।

SCROLL FOR NEXT