आसनसोल : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आसनसोल में अवैध पार्किंग वसूली के खिलाफ अभियान चलाने से पार्किंग कर्मियों में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि गिरजा मोड़ से लेकर टीजी मोड़ तक यह अभियान चलाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब अवैध वसूली पर सख्ती से रोक लगेगी। मौके पर डीसी सेंट्रल ध्रुव दास सभी पार्किंग कर्मियों से मिले और पार्किंग के कागज देखे। इसी दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया पर कागज की जांच होने पर वैध पार्किंग पाया गया तो उन्हें छोड़ दिया गया। इस मौके पर एसीपी सेंट्रल-1 अब्दुल गफ्फार, एसीपी ट्रेफिक आसनसोल विश्वजीत साहा, आसनसोल साउथ थाना आईसी विश्वजीत मुखर्जी, टीआई राणा अंबिका दत्ता, आसनसोल साउथ टीजी प्रभारी चिरणजीव गुहा रॉय सहित काफी संख्या में पुलिस मौजूद थी।
कुछ पार्किंग पर वसूले जा रहे थे पैसे
नगर निगम की कई पार्किंग स्थलों की टेंडर अवधि समाप्त हो चुकी है और नई टेंडर प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हुई है। इसके बावजूद कुछ लोग वाहन चालकों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहे थे। दो दिन पहले ही ट्रैफिक विभाग ने चेतावनी जारी की थी कि बिना वैध टेंडर के किसी भी प्रकार की वसूली नहीं की जाएगी और इस मामले में अभियुक्त रंजन चौधरी पुलिस रिमांड पर चल रहा है। मौके पर एक व्यक्ति ने कहा कि आज उन्होंने अपना वाहन पार्क किया है, पर किसी तरह का कोई चार्ज नहीं लगा है। इससे पहले लगता था और यहां पुलिस द्वारा नो पार्किंग चार्ज भी लगा दिया गया है।
बस स्टैण्ड के पास मची अफरा-तफरी
इस अभियान के दौरान बस स्टैंड पर वसूली के मामले में कुछ बस कंडक्टरों से बात भी की गई। वहीं इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूत्रों का कहना है कि यात्रियों और चालकों को जबरन पैसे वसूलने के नाम पर परेशान किया जा रहा था। मौके पर पुलिस को देख कुछ दलाल वहां से भाग निकले। पुलिस ने कहा कि जिन पार्किंग स्थलों की टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, वहां कोई वसूली नहीं होगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
क्या कहा नगर निगम ने
आसनसोल नगर निगम के उपमेयर वशीमूल हक ने कहा कि आससनोल नगर निगम की जितने भी पार्किंग हैं, उसके कागज पुलिस को दे दिये गये हैं। पुलिस अपना जांच कर रही है। वहीं जो अवैध पार्किंग होगी या कोई चला रहा होगा तो उस पर कार्रवाई होगी।