आसनसोल : आसनसोल - दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग द्वारा हटन रोड मोड़ से टीजी मोड़ तक अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया गया। गौरतलब है कि अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने से पार्किंग वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस को देखते ही पार्किंग कर्मी वहां से भाग निकले। वहीं डीसी ट्रैफिक के निर्देश से एक पार्किंग कर्मी को पकड़ लिया गया। यह देखकर सभी पार्किंग वालों में डर का माहौल बन गया और सभी पार्किंग छोड़कर गायब हो गये।
क्या कहा पार्किंग स्टाफ ने
पार्किंग कर्मी रंजन चौधरी ने कहा कि वह इस पार्किंग का सिर्फ देख-रेख करता है पर इसका मालिक बप्पा रॉय है। साथ ही कहा कि यह पार्किंग मात्र 2 दिन से चल रही है और एक दिन में हजारों रुपये वसूले जाते है। वहीं कुछ पार्किंग वालों ने कहा कि पुलिस द्वारा सख्त निर्देश दिया गया है कि पार्किंग में मनमानी नहीं चलेगी और जो भी नियम हैं, उनका पालन किया जाये।
डीसी ट्रैफिक ने दिया सख्त निर्देश
मौके पर डीसी ट्रैफिक पीवीजी सतीश ने पार्किंग वालों को चेतावनी दी कि वाहन को एक सीमा के दायरे में रखें और सड़क से करीब 5 फूट छोड़कर उसे पार्क करें। साथ ही जो पार्किंग अवैध है, वहां किसी तरह का पार्किंग शुल्क न लें। वहीं कहा कि अगर कोई शुल्क लेते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। इस मौके पर एसीपी ट्रैफिक आसनसोल विश्वजीत साहा, टीआई राणा अंबिका दत्ता, आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड ओसी चिरणजीव गुहा रॉय सहित काफी संख्या में पुलिस अधिकारी तथा कर्मी मौजूद थे।