राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
बीरभूम : रतन शेख द्वारा चलाई गई गोली पुलिस की गाड़ी में लगने की घटना की जांच में जुटी फोरेंसिक टीम के सदस्यों ने गाड़ी से नमूने एकत्र किए हैं। घटना के रीकंस्ट्रक्शन (पुनर्निर्माण) और गोली लगने से जुड़ी जानकारियों की जांच करने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों ने गाड़ी का निरीक्षण किया। विशेष रूप से गाड़ी की पिछली सीट पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं। इसके बाद पिछली सीट का कवर और अंदर मौजूद स्पंज काटकर गोली बाहर निकाली गई। फोरेंसिक टीम के सदस्यों ने गाड़ी के विभिन्न हिस्सों की बारीकी से जांच की। गोली लगने के निशान, गाड़ी के अंदर गोली की स्थिति और अन्य महत्वपूर्ण नमूने जुटाए गए हैं। बरामद की गई गोली के नमूने को जांच के लिए भेजा जाएगा। माना जा रहा है कि इस जांच के माध्यम से गोली की दिशा (ट्रैजेक्टरी) और घटना से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। गौरतलब है कि पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाकर रतन शेख द्वारा गोली चलाए जाने की घटना को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है। अब जांचकर्ताओं की नजर इस बात पर टिकी है कि फोरेंसिक रिपोर्ट हाथ लगने के बाद जांच में क्या नए तथ्य सामने आते हैं।