बर्नपुर : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के हीरापुर ट्रैफिक गार्ड द्वारा चित्रा मोड़ पर मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट और अन्य बाइकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि हीरापुर ट्रैफिक गार्ड ने शहरी इलाकों में शोर को कम करने के लिए विशेष अभियान चलाकर 10 से ज्यादा बाइकों को पकड़ा। मौके पर इस कार्रवाई के तहत नियमों के विरुद्ध साइलेंसर को मौके पर ही उतरवाकर जब्त किया जा रहा है और 2000 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। हीरापुर ट्रैफिक गार्ड प्रभारी अमीनूर रहमान खान ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए पुलिस द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट और अन्य बाइकों के खिलाफ अभियान चला कर उन्हें पकड़ा जा रहा है। साथ ही मौके पर साइलेंसर को उतरवाकर जब्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा के तहत जो साइलेंसर निर्धारित मानकों से अधिक (80 डेसिबल से ज्यादा) शोर पैदा करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं तेज आवाज (पटाखा) करने वाली बाइकें बुजुर्गों, मरीजों और छात्रों के लिए परेशानी का कारण बनती हैं, इसलिए पुलिस इस अभियान को जनहित में चला रही है।