पुलिस ने किया साइबर क्राइम के बड़े रैकेट का पर्दाफाश
फोटो
एसपी, सन्मार्ग संवाददाता
कुल्टी : साइबर क्राइम की घटना में झारखंड के जामताड़ा को पीछे छोड़ रहा कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर फांड़ी इलाके का हरिजन पाड़ा उर्फ अम्बेडकर पाड़ा में आसनसोल - दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर सोमवार की सुबह सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस ऑपरेशन में डीसीपी वेस्ट कृष्णा गोपाल, साइबर क्राइम विभाग के एडीसीपी राहुल पाण्डेय, एसीपी कुल्टी जावेद हुसैन एवं कुल्टी थाना प्रभारी अशोक सिन्हा महापात्रो के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में पुलिस अधिकारी, महिला पुलिस एवं सीपीवीएफ जवान शामिल थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान नियामतपुर हरिजन पाड़ा में दो दर्जन से अधिक घरों में तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही इस इलाके के संदिग्ध लोग भागने में सफल रहे। वहीं पुलिस ने कैमरे के सामने कई घरों का ताला तोड़कर तलाशी ली। इस इलाके में भारी मात्रा में पुलिस कर्मियों को देखकर स्थानीय महिलाओं में हड़कंप मच गया। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में कीमती मोबायल, आईफोन, कम्प्यूटर, सीपीयू, हार्ड डिस्क सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले। वहीं कई घरों से काफी नकद कैश भी बरामद किया गया। इस संबंध में आसनसोल दुर्गापुर कमिश्नरेट पुलिस के एडीसीपी साइबर राहुल पाण्डेय ने बताया कि इस सर्च ऑपरेशन के दौरान 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा भारी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के अलावा लगभग 3 लाख रुपये नकद बरामद किये गये। उन्होंने कहा कि इस दौरान व्यापक संख्या में एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, मोबायल सहित काफी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किये गये।