सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : सेल इस्को इस्पात संयंत्र के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन बुधवार शाम भारती भवन दीपनी हॉल, बर्नपुर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। गौरतलब है कि आईएसपी राजभाषा विभाग के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में देश के चार नामी कवियों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आमंत्रित कवियों में पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा, डॉ. अनिल चौबे, शम्भू शिखर और पद्मिनी शर्मा एवं पंकज कुमार साहू ने हास्य, व्यंग्य और श्रृंगार रस की कविताओं से खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी (बर्नपुर एवं दुर्गापुर इस्पात संयंत्र) सुरजीत मिश्रा ने कवि गण को मोमेंटो एवं उत्तरीय देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने के साथ-साथ कर्मचारियों में साहित्यिक चेतना जगाते हैं। इस मौके पर कार्यक्रम के निवेदक कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (एचआर) जितेंद्र कुमार , ईडी एमएम एसके सिंह, ईडी वर्क्स बिपिन कुमार सिंह, ईडी प्रोजेक्ट प्रवीण कुमार, ईडी फाइनेंस राज कुमार सिन्हा सहित सीजीएम, जीएम बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित थे।