आसनसोल

9 अप्रैल को आसनसोल में पीएम जनसभा को करेंगे संबोधित

चुनाव प्रभारी जितेंद्र गोठवाल ने पोलो ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्था का लिया जायजा

आसनसोल : चुनावी महासंग्राम के बीच 9 अप्रैल को आसनसोल का ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड एक बड़े राजनीतिक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। बता दें कि भाजपा के पश्चिम बर्दवान जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य से मिली जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल को आसनसोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी प्रचार में आ रहे हैं। बता दें कि पश्चिम बर्दवान जिला के सभी 9 विधानसभा केन्द्रों के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आसनसोल के पोलो ग्राउंड में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस सभा को लेकर पश्चिम बर्दवान जिला नेतृत्व युद्ध स्तर पर अपनी तैयारियों में जुट गया है। पीएम के दौरे में अब महज 2 दिन ही बचे हैं। ऐसे में जनसभा के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभा की तैयारियों को लेकर आसनसोल चुनाव प्रभारी जितेंद्र गोठवाल ने पोलो ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए। 9 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आयोजित चुनावी सभा में पश्चिम बर्दवान जिलाध्यक्ष, आसनसोल उत्तर, आसनसोल दक्षिण, कुल्टी, बाराबनी, जामुड़िया, रानीगंज, पांडवेश्वर, दुर्गापुर पूर्व एवं दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा केंद्रों के भाजपा प्रत्याशी, भाजपा कार्यकर्ता सहित आम जनता मौजूद रहेंगे।

SCROLL FOR NEXT