सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : सड़क सुरक्षा सप्ताह 2026 (3 अगस्त से 9 अगस्त) को लेकर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग द्वारा जागरूकता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल सरकार का सड़क सुरक्षा सप्ताह पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग, पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता ट्रैफिक पुलिस द्वारा आयोजित एक विशेष जागरूकता अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम की शुरुआत सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकालकर की गई जो सीपी कार्यालय गेट से निकलकर बीएनआर, भगत सिंह एवं बीएनआर मोड़ होते हुये स्टेट बैंक के पास आकर समाप्त हुई। जन-जागरुकता के लिए सड़क सुरक्षा से संबंधित नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। स्कूलों के छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का सम्मान करने का संदेश दिया।
पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के सीपी डॉ. प्रणव कुमार ने कहा कि कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने और लोगों के बीच ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल में 3 से 9 अगस्त तक सड़क सुरक्षा सप्ताह 2026 मनाया जा रहा है। मौके पर प्रशासनिक और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने कहा कि केवल चालान या जुर्माना लगाकर दुर्घटनाओं को पूरी तरह नहीं रोका जा सकता। इसके लिए हर नागरिक को स्वयं जिम्मेदारी के साथ यातायात नियमों का पालन करना होगा। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले यात्रियों को मानक हेलमेट पहनने, पैदल यात्रियों को फुटओवर ब्रिज और निर्धारित क्रॉसिंग का उपयोग करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए ड्राइविंग से बचने तथा हाईवे और प्रमुख सड़कों पर गति सीमा और लेन अनुशासन का पालन करने के लिए कहा गया।
इनकी रही उपस्थिति
इस मौके पर पश्चिम बर्दवान जिला अधिकारी एस पोन्नमबलम, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के सीपी डॉ. प्रणव कुमार, डीसी ट्रेफिक अविनाश भिमराव, डीसी हेडक्वार्टर केजी मीणा, डीसी सेंट्रल ध्रुव दास, डीसी वेस्ट शना अख्तर, एसीपी ट्रैफिक आसनसोल विश्वजीत साहा, एसीपी ट्रैफिक-1 एमडी जसीम, एसीपी सेंट्रल- 1 अब्दूल गफ्फार, टीआई-2 राणा अंबिका दत्ता, आसनसोल साउथ पीपी टीजी के ओसी संदीप सोम, हीरापुर टीजी के ओसी एआर खान, आसनसोल नॉर्थ टीजी के ओसी संजय भगत, आसनसोल साउथ थाना के आईसी विश्वजीत मुखर्जी सहित एनसीसी के 30 और स्कूल के 50 बच्चे मौजूद थे।