आसनसोल

तृणमूल से परेशान लोग भाजपा को सत्ता में लाने के लिए उतावले हैं - कृष्णेंदु

बेरोजगारों के लिए तृणमूल सरकार 15 सालों में रोजगार नहीं दिला सकी

आसनसोल : विधानसभा चुनाव 2026 को देखते हुए सभी राजनीतिक दलों की ओर से अपने स्तर पर तैयारी की जा रही है। भाजपा की ओर से पार्टी का मेनिफेस्टो बनाने के पहले आम जनता से राय ली जा रही है। इसके लिए संकल्प पत्र अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को शहर के बीएनआर मोड़ स्थित रवींद्र भवन के पास भाजपा प्रदेश सदस्य कृष्णेंदु मुखर्जी के नेतृत्व में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृष्णेंदु मुखर्जी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि तृणमूल के 15 साल के शासन में राज्य का कुछ भी विकास नहीं हुआ। वहीं राज्य की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। तृणमूल से लोग तंग होकर अब भाजपा को सत्ता में लाने के लिए उतावले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आमलोगों द्वारा दी गई राय को तवज्जो देते हुए काम करेगी। ड्राप बॉक्स में लोग अपनी राय लिखकर सलाह दे सकते हैं। बंगाल में भाजपा की सरकार बनना निश्चित है। उन्होंने कहा कि राज्य की तृणमूल सरकार ने अब फिर युवा साथी बोल कर एक नई परियोजना का शुभारंभ किया है। 2013 में युवाश्री परियोजना के तहत 17 लाख युवाओं ने नाम पंजीकरण कराया था, लेकिन अचानक इस परियोजना को बंद कर दिया गया। चुनाव जीतने के लिए आगे और कौन-कौन सी परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा, यह सब जनता देख रही है। जनता चुनाव के माध्यम से तृणमूल को इसका जवाब देने की तैयारी कर चुकी है। बेरोजगारों के लिए तृणमूल सरकार 15 सालों में रोजगार नहीं दिला सकी।

SCROLL FOR NEXT