आसनसोल

विस्थापन व बिजली काटने के विरोध में लोगों ने किया प्रदर्शन

कुआर्डी ग्राम बचाओ समिति के बैनर तले की गई जनसभा

जामुड़िया: कुआर्डी ग्राम बचाओ समिति के बैनर तले कुमारडीहा तीन नंबर में ग्रामीणों की एक विशाल जनसभा आयोजित की गई। जनसभा का मुख्य उद्देश्य कुआर्डी कोलियरी एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को क्वार्टर खाली कराने तथा बिजली आपूर्ति काटने की कथित कार्रवाई के विरोध में जनमत तैयार करना था। सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता का परिचय दिया। जनसभा को संबोधित करते हुए भूमिपुत्र सुमंत बाउरी ने कहा कि ग्रामीणों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि गांव के लोगों के अधिकार, सम्मान और आजीविका की रक्षा के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सभा को अधिवक्ता बिनोद यादव, मानवाधिकार कार्यकर्ता रेखा भट्टाचार्य, सुशीला यादव, निताई बाउरी तथा लक्ष्मीकांत बाउरी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने ग्रामीणों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव या भय के आगे झुकने की आवश्यकता नहीं है तथा उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जनसभा के उपरांत हजारों ग्रामीणों ने रैली निकालकर रश्मि कंपनी के कार्यालय का घेराव किया और कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता की। ग्रामीणों ने प्रबंधन के समक्ष प्रस्ताव रखा कि किसी भी ग्रामीण को डराने-धमकाने, क्वार्टर खाली कराने अथवा बिजली काटने जैसी कार्रवाई न की जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ सम्मानजनक बातचीत और आपसी सहमति के आधार पर ही किसी भी औद्योगिक गतिविधि को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। रश्मि ग्रुप की ओर से महाप्रबंधक उपेंद्र कुमार सिंह तथा अधिकारी द्विवेदी ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की और ग्रामीणों की बात सुनी। कार्यक्रम को सफल बनाने में कुआर्डी ग्राम बचाओ समिति के अध्यक्ष राजेश बाउरी, सचिव संजीत मोदी, कोषाध्यक्ष रामकृष्ण बाउरी, दुर्गा बाउरी, चंदन बाउरी, सुशांत स्वाई, सुजीत यादव तथा सन्नी पासवान की उल्लेखनीय भूमिका रही।

SCROLL FOR NEXT