परिस्थिति को नियंत्रित करते पुलिस के जवान  
आसनसोल

भाजपा नेताओं पर भगवा चोला पहने लोगों ने किया हमला

तृणमूल पर घटना को अंजाम देने का आरोप

अंडाल : अंडाल के सकरा इलाके में भाजपा मंडल-4 के अध्यक्ष राखाल चंद्र दास, युवा मोर्चा नेता प्रियांशु राय और शक्ति केंद्र प्रमुख अशोक बाद्यकर पर हमले की घटना से हलचल मची है। आरोप है कि भगवा चोला ओढ़कर तृणमूल के लोगों ने यह हमला किया है। घटना को लेकर इलाके में हलचल गई। सूचना मिलते ही अंडाल थाना से बड़ी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंच परिस्थिति को नियंत्रित किया। इस घटना को लेकर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

अज्ञात 'विजय जुलूस' से शुरू हुआ विवाद

घटना की शुरुआत शुक्रवार को अंडाल के सकरा इलाके में एक विजय जुलूस के दौरान हुई। हैरत की बात यह है कि इस विजय जुलूस का आयोजन किसने और क्यों किया था, इसकी जानकारी न तो मंडल अध्यक्ष को थी और न ही स्थानीय बूथ अध्यक्ष को। घटना के संदर्भ में मंडल-4 के अध्यक्ष राखाल चंद्र दास ने बताया, "उस इलाके में तृणमूल कांग्रेस का एक पार्टी ऑफिस था। हाल ही में कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर भगवा रंग पोत दिया और भाजपा का झंडा लगा दिया। शुक्रवार को उसी ऑफिस से कुछ युवक निकले और उन्होंने अचानक हम पर हमला कर दिया।" उन्होंने कहा कि इस हिंसक घटना के खिलाफ वे अंडाल थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा रहे हैं और पूरे मामले से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा।

नाले में फेंककर मारने की कोशिश

वहीं, भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रियांशु राय ने आरोप लगाया कि तृणमूल के ही कुछ उपद्रवी तत्व व सिंडिकेट से जुड़े लोग अब भाजपा कार्यकर्ता का चोला ओढ़कर घूम रहे हैं। उन्होंने ही योजनाबद्ध तरीके से उन पर हमला किया। प्रियांशु राय के मुताबिक, हमलावरों ने न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि उन्हें पास के एक नाले में फेंककर जान से मारने का प्रयास भी किया। घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

काजोड़ा मोड़ इलाके में भी टकराव की स्थिति

चुनाव में भाजपा की जीत के बाद से ही भगवा चोला ओढ़ने की होड़ लगी हुई है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने पहले ही कड़े निर्देश जारी किए थे कि तृणमूल के दागी या 'कचरा' तत्वों को किसी भी कीमत पर पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद विभिन्न इलाकों से लगातार ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि जो लोग चुनावी परिणाम की घोषणा के एक दिन पहले तक तृणमूल में सक्रिय थे, वे अब भाजपा की जीत के बाद भगवा अबीर (गुलाल) लगाकर रातों-रात BJP कार्यकर्ता बनने की कोशिश कर रहे हैं। अंडाल के काजोड़ा मोड़ इलाके से भी ऐसी ही तस्वीर सामने आ रही है। यहां सत्ता सुख पाने के लिए रातों-रात भगवाधारी बने और पुराने कार्यकर्ताओं में टकराव की स्थिति उत्पन हो गई है। दोनों पक्षों में मारपीट की घटना भी घटी है। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए परिस्थिति को नियंत्रित किया।

SCROLL FOR NEXT