बर्नपुर : आगामी ईद-उल-फितर के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हीरापुर थाने ने थाना परिसर स्थित कम्युनिटी हॉल में पीस बैठक की। गौरतलब है कि बैठक में ईद-उल-फितर के त्योहार को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने, नमाज स्थलों पर सुरक्षा व सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई। बैठक की अध्यक्षता हीरापुर थाना प्रभारी करतार सिंह ने की। मौके पर एसीपी हीरापुर मिहिर कुमार दे एवं सीआई अशोक सिन्हा महापात्रा ने मौजूद लोगों से अपील की कि त्योहार को आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। ईद की नमाज के दौरान नमाज स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। त्योहार के दिन यातायात जाम से बचने के लिए प्रभावी नियंत्रण योजना भी तैयार की गई है। वहीं सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को सहयोग करने का आश्वासन दिया, ताकि ईद-उल-फितर का पर्व शांति और सौहार्द के साथ सम्पन्न हो सके। हीरापुर थाना प्रभारी करतार सिंह ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील की। संदिग्ध गतिविधि या अनुचित व्यवहार की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया। साथ ही कहा कि ईद के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून व्यवस्था का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर हीरापुर ट्रैफिक गार्ड ओसी अमीनूर रहमान खान, एसआई अंजन मंडल, आसनसोल साउथ ब्लॉक टाउन तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष पूर्णेंदु चौधरी, यूथ अध्यक्ष आनंद उपाध्याय, पार्षद गुरमित सिंह, राकेश कुमार शर्मा, मोहम्मद हसरतउल्लाह, कहकशां रियाज, अशोक रूद्र, श्रावणी विश्वास सहित विभिन्न मस्जिद समितियों के सदस्य एवं स्थानीय समाजसेवी मौजूद थे।