सन्मार्ग संवाददाता
बीरभूम : पत्थर खदान में काम करते समय पत्थर धंसने से दो मजदूरों की मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर यह घटना बीरभूम के नलहाटी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर पत्थर खदान में घटी। मृतकों के नाम लोकमान शेख और हराधन हैं। लोकमान का घर नलहाटी थाना क्षेत्र के बोधरा गांव के बागानपाड़ा में है। हराधन झारखंड के पाकुड़ का निवासी था। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पत्थर तोड़ने के लिए मशीन से पत्थर में छेद करते समय अचानक ऊपर से धंसान आ गई। उस समय नीचे 8 से 9 मजदूर काम कर रहे थे। घटनास्थल पर ही दो लोगों की मौत हो गई। बाकी मजदूरों को कम-ज्यादा चोटें आईं। आरोप है कि घटना के बाद बचाव कार्य में खास सहयोग नहीं मिला। साथ में काम कर रहे घायल मजदूरों ने ही शवों को निकालकर रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां काम कर रहे मजदूर सलमान शेख ने कहा, हम कई मशीनों के साथ पत्थर में छेद करने का काम कर रहे थे। उसी समय ऊपर से पत्थर धंसकर गिर पड़े। उसी में दो लोगों की मौत हो गई।