सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : भारतीय जनता पार्टी ने 14 अगस्त 2026 को देश भर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया। इसी क्रम में भाजपा आसनसोल सांगठनिक जिला द्वारा रवींद्र भवन में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर उन लाखों लोगों को सम्मान के साथ याद किया गया जो बंटवारे के दौरान शहीद हुए, जिनका बलिदान और तकलीफ हमारे इतिहास का एक हमेशा रहने वाला चैप्टर है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, विभाजन के समय की तस्वीरें पर माल्यापर्ण और विस्थापन की पीड़ा को दर्शाने वाली प्रदर्शनियों से की गई। मौके पर मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने संगोष्ठी में आये लोगों को संबोधित करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद वर्ष 2021 से हर साल 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को 1947 के बंटवारे के दौरान आमजन द्वारा झेली गई अकल्पनीय पीड़ा और विस्थापन के इतिहास से परिचित कराना है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि यह दिन 1947 में भारत के विभाजन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले लोगों और अपार पीड़ा व विस्थापन झेलने वाले लाखों नागरिकों की याद और उनके बलिदान को समर्पित है। इस मौके पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, बाराबनी विधायक अरिजीत रॉय, जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, आसनसोल सांगठनिक जिला के महासचिव केशव पोद्दार, अपूर्व हाजरा, काकोली घोष, जिलाउपाध्यक्ष तुषारक्रांति बनर्जी, शंपा रॉय, अमिताभ गोराई सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।