अंडाल : अंडाल ब्लॉक के काजोड़ा ग्राम स्थित अवैतनिक प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को अव्यवस्था और शिक्षकों की भारी कमी को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। इस दिन स्कूल में उपस्थित करीब 360 बच्चों को संभालने के लिए सिर्फ एक शिक्षिका की मौजूदगी से नाराज अभिभावकों ने स्कूल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। एकमात्र उपस्थित शिक्षिका की सहमति से अभिभावक बच्चों को स्कूल से वापस घर ले गए।
एक साल से दो शिक्षक गायब, बच्चों के भविष्य दांव पर
अभिभावक विश्वजीत हाजरा ने बताया कि स्कूल में पढ़ाई की स्थिति बदहाल है। दो शिक्षक पिछले एक साल से स्कूल नहीं आ रहे हैं। स्कूल इंस्पेक्टर (SI) और स्थानीय प्रशासन को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं एक शिक्षक की ड्यूटी सेंसस में है और एक शिक्षक मेडिकल अवकाश पर हैं। मिड-डे-मील के रसोइयों को 4-5 महीनों से मानदेय नहीं मिला है। फंड के अभाव में भोजन की गुणवत्ता और वितरण दोनों प्रभावित हैं।
अभिभावकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
अभिभावकों ने उक्त स्कूल में तुरंत स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति, लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे शिक्षकों पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई, वहीं यदि शिक्षक नहीं मिल सकते तो इस प्राथमिक विद्यालय को पास के उच्च विद्यालय के साथ मर्ज करने की मांग उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो वे लोग सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।
क्या कहा सहायक शिक्षिका ने
सहायक शिक्षिका मालविका हाजरा ने कहा,"स्कूल में 360 बच्चों के बीच आज केवल मैं अकेली मौजूद हूं। दो शिक्षक स्थायी रूप से नहीं आ रहे हैं, जिसकी रिपोर्ट हमने उच्चाधिकारियों को भेजी है। इतने बच्चों को अकेले संभालना असंभव है।"