NH -19 में बना गोफ 
आसनसोल

एनएच-19 पर फिर सड़क धंसने से लोगों में दहशत

Gopal Kumar Singh

जितेन्द्र, सन्मार्ग संवाददाता

सालानपुर : सालानपुर थाना क्षेत्र के एथोड़ा पुल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की कोलकाता जाने वाली लेन में अचानक सड़क धंस जाने से हड़कंप मच गया। सड़क का एक हिस्सा धंसने से मौके पर करीब एक से डेढ़ फीट गहरा गड्ढा बन गया है। व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक सड़क धंसने की घटना से ड्राइवरों में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि जिस स्थान के पास सड़क धंसी है, उसके समीप कुछ माह पहले भी इसी तरह सड़क धंसने की घटना सामने आई थी। उस समय सड़क के गड्ढे को भरकर आवागमन सामान्य कर दिया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की समुचित जांच नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या की जड़ का पता लगाकर स्थायी समाधान किया जाता तो दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रभावित हिस्से की सुरक्षा को लेकर तत्काल बैरिकेडिंग कर दी गई, ताकि वाहन ड्राइवर गड्ढे वाले हिस्से से सावधानीपूर्वक निकल सकें और किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। फिलहाल यातायात सामान्य है, लेकिन सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत को लेकर वाहन ड्राइवरों और स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है।

SCROLL FOR NEXT