प्रतीक फोटो 
आसनसोल

दुर्गापुर के निजी अस्पताल में हवाई फायरिंग से फैली दहशत

पुलिस पर भी किया गया हमला

दुर्गापुर : स्थानीय शोभापुर स्थित एक निजी अस्पताल में मरीज के परिजनों एवं अस्पताल के सुरक्षा गार्डों के बीच शुक्रवार रात हुए विवाद के बाद हवाई फायरिंग की घटना से अस्पताल परिसर में हलचल मच गयी। आरोप है कि यहां एक के बाद एक कई राउंड हवाई फायरिंग की गयी। जब पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास किया तो उस पर भी हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में तापस रॉय, अमित कर्मकार, अनिमेष पाल और अजीत हाजरा हैं।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्गापुर के अंगदपुर निवासी 53 वर्षीय बासुदेव पाल को सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो दिन से इस अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। बासुदेव पाल के परिजन शुक्रवार रात चिकित्सा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में विरोध प्रदर्शन करने लगे। वे डॉक्टर से मिलना चाहते थे। वहां तैनात पुलिस एवं सुरक्षा गार्डों एवं पुलिस ने उनसे दो-तीन लोगों को डॉक्टर के पास ले जाने को कहा, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उनमें से एक ने रिवॉल्वर निकाल कर हवा में तीन राउंड फायरिंग कर दी। आरोप है कि जब वहां तैनात पुलिस कर्मी ने स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास किया तो उस पर भी हमला किया गया। इस घटना से अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही दुर्गापुर थाने से भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी (दुर्गापुर) सुबीर रॉय ने बताया कि अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक हथियार भी बरामद किया है। उसका लाइसेंस है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। आरोप है कि तीन राउंड गोली चलाई गई, लेकिन मौके से कारतूस के दो खाली खोखे बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना में एक पुलिस कर्मी के साथ भी मारपीट की गई। उस संबंध में भी शिकायत दर्ज की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT