घटना स्थल पर पहुंच जानकारी लेती पुलिस  
आसनसोल

सर्राफा व्यवसायी से लूट से व्यापारियों में दहशत

दुर्गापुर : पानागढ़ बाजार में शुक्रवार शाम एक सर्राफा व्यवसायी से लूट की घटना के बाद व्यापारिक समुदाय में दहशत फैल गई है। यह घटना उस समय हुई जब स्वर्ण व्यवसायी सुबीर पाल अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। सुबीर पाल अपनी आभूषण की दुकान बंद कर स्कूटी से घर के लिए निकला था। उसके बैग में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब 50 हजार रुपये नकद भी मौजूद थे। दुकान से कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही एक मोटर साइकिल पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए। इस दौरान बैग बचाने के प्रयास में हुई खींचतान के दौरान सुबीर पाल स्कूटी से गिर पड़े और घायल हो गए। इसके बाद दोनों युवक बैग लेकर मौके से फरार हो गए। वहीं घटना को देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और युवकों का पीछा किया लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने घायल व्यवसायी को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कांकसा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं घायल व्यवसायी को उपचार के लिए पानागढ़ ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। अभियुक्तों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस दौरान फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद पानागढ़ बाजार के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। वहीं व्यापारियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस से जल्द अभियुक्तों की गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT