संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: पांडवेश्वर इलाके में राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर तेज हो गई है। बीती रात पांडवेश्वर के नामोपाड़ा इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व अंचल अध्यक्ष यमुना धीवर के घर पर कुछ उपद्रवियों ने अचानक धावा बोल दिया। आरोप है कि घर में जमकर तोड़फोड़ की गई और कीमती सामानों की लूटपाट भी की गई। हालांकि, इस घटना को लेकर समाचार लिखे जाने तक पीड़ित नेता की ओर से पांडवेश्वर थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पीड़ित TMC नेता यमुना धीवर ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे 20 से 25 लोगों का एक दल लाठी, डंडों और लोहे की सब्बल के साथ उनके घर में जबरन घुस आया। हमलावरों ने घर के भीतर जमकर उत्पात मचाया, फर्नीचर तोड़े और कीमती सामान लूटकर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पांडवेश्वर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
4 मई के बाद 'भगवा चोला' पहनने वालों पर आरोप
यमुना धीवर ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने 4 मई के बाद 'भगवा चोला' धारण किया है, उन्हीं लोगों ने कल रात उनके घर को निशाना बनाया है।
हालांकि, उन्होंने इस घटना के लिए सीधे तौर पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराने से साफ इंकार किया है। उनका कहना है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व कभी भी किसी विरोधी दल के नेता के घर पर हमले का निर्देश नहीं देता। कुछ असामाजिक तत्व अपने निजी स्वार्थ और राजनीतिक पहचान की आड़ में इलाके का माहौल बिगाड़ रहे हैं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी को दे दी है, जिन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
पुरानी रंजिश और बदले की भावना की चर्चा
दूसरी ओर, स्थानीय सूत्रों का दावा है कि जिन लोगों के नेतृत्व में इस घटना को अंजाम दिया गया, उन पर TMC के शासनकाल में कथित तौर पर पीड़ित नेता के इशारे पर हमले और मारपीट किए गए थे। इलाके में चर्चा है कि इसी पुरानी रंजिश और बदले की भावना के तहत कल रात उपद्रवियों ने उक्त TMC नेता के घर को निशाना बनाकर बाहर से पथराव किया। पूर्व विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के करीबी रहे यमुना धीवर ने तृणमूल के शासनकाल में जिस तरह लोगों पर अत्याचार किया और आतंक का माहौल बना रखा था, यह घटना उसी का रिएक्शन है।
क्या कहती है भाजपा?
भाजपा पांडवेश्वर मंडल-1 की अध्यक्ष सबिता बागदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "हमारे पास अभी इस घटना की कोई आधिकारिक खबर नहीं है, लेकिन हम मामले की पूरी जानकारी ले रहे हैं। जो भी दोषी होगा, प्रशासन निश्चित रूप से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। हमारी नीति बिल्कुल साफ है, राज्य में किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
पुलिस के अनुसार, अब तक यमुना धीवर या उनके परिवार की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इलाके में किसी भी तरह के तनाव को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।