संबोधित करते विधायक जितेंद्र तिवारी  
आसनसोल

"सरकार और मौसम दोनों बदल चुके है, संभल जाएं "

ईसीएल अधिकारियों को विधायक जितेंद्र तिवारी की दो- टूक

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: ईसीएल के पांडवेश्वर क्षेत्र अंतर्गत खोट्टाडीह कोलियरी में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक जितेंद्र तिवारी ने प्रबंधन पर तीखा हमला बोला और कोयला कामगारों के हितों की अनदेखी करने पर कड़ी चेतावनी दी।

विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि एक तरफ प्रबंधन खदान के नुकसान में होने का हवाला देकर मजदूरों की संडे ड्यूटी बंद कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ तथाकथित फर्जी टेंडर (फाल्स टेंडर) के जरिए करोड़ों रुपये की हेराफेरी से कंपनी को हो रहे नुकसान पर चुप्पी साधी हुई है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अधिकारियों को मजदूरों का शोषण बंद करना होगा।

अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, "कोयला कामगारों का शोषण करना बंद कर दीजिए। सरकार और मौसम दोनों बदल चुके हैं। खोट्टाडीह कोलियरी के मजदूरों के हितों से खिलवाड़ न करें। छठ पूजा तक सब कुछ ठीक कर लें, अन्यथा बाद में संभाल लीजियेगा।"

'80 के दशक की तर्ज पर अब भ्रष्ट अधिकारियों के घरों पर होगी लिखापढ़ी'

पुराने दिनों को याद करते हुए विधायक ने कहा कि 80-90 के दशक में कोलियरियों में आने वाले प्लास्टिक के तिरपाल पर 'ईसीएल से चुराया हुआ' लिखा होता था, ताकि कोई उसे घर न ले जा सके। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पिछले 5 वर्षों में यहां के जिन अधिकारियों ने ठेकेदारों के साथ मिलकर फर्जी टेंडर से करोड़ों रुपये का चूना लगाकर शहरों में आलीशान घर बनाए हैं, उनके उन घरों के बाहर 'ईसीएल के चुराए पैसों से बना घर' लिखवाया जाएगा। हर एक चीज का हिसाब लिया जा रहा है।

सूदखोरों को न लौटाएं पैसे

उन्होंने अवैध ब्याज का धंधा करने वालों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस के ब्याज का कारोबार (मनी लेंडिंग) गैरकानूनी है। मजदूरों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि जो सूदखोर वर्षों से उनका शोषण कर रहे हैं, उन्हें अब पैसे न दें। यदि कोई परेशान करे, तो सीधे उनसे संपर्क करें, ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने खोट्टाडीह इलाके में जुए और शराब के अवैध कारोबार पर भी नकेल कसने की बात कही।

ये रहे मौजूद

गेट मीटिंग के दौरान अखिल भारतीय खान मजदूर संघ के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, खान श्रमिक कांग्रेस के क्षेत्रीय सचिव महेंद्र सिंह, संगठन के शाखा सचिव मिलन घोष, भाजपा मंडल अध्यक्ष बेणुधर मंडल, रमेश घोष, बंधन घोष और प्रह्लाद साव आदि उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT