पुरस्कृत करते अतिथिगण  
आसनसोल

पांडवेश्वर में गूंजा राष्ट्रीय एकता का संदेश, 'रन फॉर यूनिटी' में दौड़े 500 युवा

विधायक जितेंद्र तिवारी ने किया उद्घाटन

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता और अखंडता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। हरिपुर कॉम्पिटिटिव लाइब्रेरी के तत्वावधान में ‘रन फॉर यूनिटी 2026’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 500 छात्र-छात्राओं और युवाओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक जितेंद्र तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। यह दौड़ गाईघाटा से शुरू होकर हरिपुर राम-सीता मंदिर तक आयोजित की गई। पूरे रास्ते युवाओं की स्वतःस्फूर्त भागीदारी और भारत माता की जय के नारों से माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया। सड़क के दोनों ओर खड़े स्थानीय लोगों ने ताली बजाकर धावकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रतियोगियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें दौड़ के लिए रवाना किया। समापन समारोह के दौरान दौड़ में अव्वल रहने वाले धावकों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता बेणुधर मंडल, सबिता बागदी, तारक धीवर, सप्तऋषि मंडल, संजय यादव, बीरेंद्र भुइंया, एहसान मियां आदि उपस्थित थे।

सरदार पटेल का मार्ग आज भी प्रासंगिक

इस अवसर पर उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा,

"सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता और अखंडता के सूत्र में पिरोने का जो ऐतिहासिक कार्य किया, उनका वह मार्ग आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है। इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी में देशभक्ति, अनुशासन और एकजुटता की भावना मजबूत होती है।"

उन्होंने आगे कहा कि 'विविधता में एकता' ही हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है और इस संदेश को हमें घर-घर तक पहुंचाना है।

SCROLL FOR NEXT