संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर : पांडवेश्वर के गायघाटा छठ घाट पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान सूर्य भगवान को अर्घ्य देने पहुंचे एक श्रद्धालु की बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना के बाद घाट पर कोहराम मच गया और उत्सव का माहौल मातम में बदल गया।
मृतक की पहचान गायघाटा इलाके के रहने वाले विनोद नोनिया के रूप में हुई है।
प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पाते ही आसनसोल - दुर्गापुर के एसीपी (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास, थाना प्रभारी सुशोभन बनर्जी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), संयुक्त बीडीओ (Joint BDO) समेत कई अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेते हुए पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
पर्व के दौरान बरती गई लापरवाही पर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छठ घाट पर बिजली के नंगे तारों की उचित देखरेख न होने के कारण यह हादसा हुआ। इस अप्रिय घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।घाटों पर सुरक्षा तथा बिजली के तारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।