शराब दुकान के मैनेजर से बात करते विधायक जितेंद्र तिवारी  
आसनसोल

स्कूल के पास शराब की दुकान पर भड़के विधायक जितेन्द्र तिवारी

बोले- 'धोखाधड़ी से मिला लाइसेंस तो तुरंत होगा रद्द'

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक जितेन्द्र तिवारी के आक्रामक तेवर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के इच्छापुर-जब्बारपल्ली इलाके में एक स्कूल के निकट शराब की दुकान के संचालन की खबर मिलते ही विधायक ने वहां धावा बोल दिया। स्थानीय लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वे खुद ग्रामीणों को साथ लेकर दुकान पर पहुंचे और मैनेजर से सवाल किया कि आखिर स्कूल के समीप इस दुकान को खोलने की अनुमति कैसे मिली?

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले जब्बरपल्ली इलाके में भाजपा युवा मोर्चा के एक कार्यकर्ता की हत्या का मामला सामने आया था। इसी सिलसिले में विधायक जितेन्द्र तिवारी मृतक कार्यकर्ता के घर परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे थे।

दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे शिकायत की कि स्कूल के पास स्थित यह शराब की दुकान इलाके का माहौल खराब कर रही है और यहां असामाजिक तत्वों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। शिकायत मिलते ही विधायक बिना देर किए ग्रामीणों को साथ लेकर सीधे उस शराब की दुकान पर जा पहुंचे। उन्होंने दुकान के मैनेजर और मालिक को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए पूछा कि नियमों को ताक पर रखकर शिक्षण संस्थान के पास शराब की दुकान का ट्रेड लाइसेंस कैसे जारी किया गया।

लाइसेंस रद्द करने की दो टूक चेतावनी

घटनास्थल पर मीडिया से बात करते हुए विधायक जितेन्द्र तिवारी ने साफ शब्दों में कहा, 'यदि प्रशासन से सही तथ्यों को छिपाकर या धोखाधड़ी कर स्कूल के सामने शराब की दुकान खोली गई है, तो इस लाइसेंस को हर हाल में रद्द किया जाएगा।'

स्थानीय शिक्षिका ने जताई गहरी नाराजगी

इस अवैध संचालन पर स्थानीय शिक्षिका लीना कुशवाहा ने भी गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा, 'स्कूल के इतनी नजदीक शराब की दुकान का होना पूरी तरह से अनैतिक है। यह दुकान करीब 12 साल पहले पूर्ववर्ती सरकार के शासनकाल में खुली थी। इस तरह स्कूल के करीब लाइसेंस कैसे मिल सकता है? इससे इलाके का शैक्षणिक और सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है। इस दुकान का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाना चाहिए।'

SCROLL FOR NEXT