विधायक जितेंद्र तिवारी को सम्मानित करती महिला 
आसनसोल

पांडवेश्वर की धरती से विधायक जितेंद्र तिवारी ने दिया एकजुटता का पैगाम

बहुला में भव्य 'विजया सम्मेलन' का आयोजन

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता पांडवेश्वर: पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के बहुला में भव्य ‘विजया सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक जितेंद्र तिवारी समेत कई गणमान्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बहुला अंचल की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित भी किया गया।

​इस अवसर पर विधायक जितेंद्र तिवारी ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और दिल्ली में चल रहे प्रदर्शनों को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओजस्वी नेतृत्व में आज देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और नए आयाम स्थापित कर रहा है।

'देश में अस्थिरता पैदा करने की हो रही कोशिश'

विधायक तिवारी ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, 'हमारे राष्ट्र के इस अभूतपूर्व विकास को विदेशी शक्तियां बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं। यही वजह है कि कांग्रेस, आरजेडी, समाजवादी पार्टी और कुछ अन्य विरोधी दलों के माध्यम से विदेशी ताकतें देश में अस्थिरता पैदा करने के कुत्सित प्रयासों में जुटी हैं।'

एकता का संदेश देने का आह्वान

देशवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में देश को बांटने की हर साजिश को नाकाम करने के लिए सभी नागरिकों को एकजुट होना होगा। उन्होंने आह्वान किया, 'आइए, पांडवेश्वर की इस पावन धरती से एकजुटता का एक ऐसा पैगाम पूरे देश में फैलाएं जो राष्ट्र विरोधियों को कड़ा संदेश दे।'

​विधायक ने इस बात पर भी जोर दिया कि इस तरह के सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की डोर को और अधिक मजबूत बनाते हैं।

​कार्यक्रम में गोसाई बाउरी, गौरव गुप्ता, संजय यादव, बेणुधर मंडल, काजल मंडल, उमेश मिश्रा, तुषार कांति पाल और विनोद मिस्त्री सहित क्षेत्र के कई प्रमुख लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

SCROLL FOR NEXT