आसनसोल

पंचगछिया पंचायत कार्यालय पर भाजपा का कब्जा

सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि आमलोग भी खुश हैं

Gopal Kumar Singh

आसनसोल : बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के पंचगछिया ग्राम पंचायत कार्यालय शुक्रवार से भाजपा के अधीन हो गया। भाजपा का दावा है कि लंबे समय से इस पंचायत में तृणमूल का राज चल रहा था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। भाजपा का आरोप है कि कोरम गठन के दिन तृणमूल के सदस्य नहीं आए। उनका कहना है कि कोरम गठन का निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी तृणमूल का कोई व्यक्ति उपस्थित नहीं हुआ। इस बारे में एक भाजपा नेता ने कहा कि “तृणमूल के लोग जिन्होंने इतने दिनों तक राज किया था, वे शर्म से आ नहीं पाए। वे जानते थे कि लोगों के सामने किस मुंह से जाएंगे। उनका और भी आरोप है कि पंचायत में चोरी और भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पंचायत में जांच कराई जाएगी। भ्रष्टाचार किसने किया? उसमें कौन-कौन शामिल थे? कोरम गठन न होने से अब पंचायत कैसे चलेगी, इसको लेकर सवाल उठा है। बाराबनी विधायक के पिता सह भाजपा नेता अमल राय ने कहा कि अब पंचगछिया ग्राम पंचायत कार्यालय बाराबनी ब्लॉक के बीडीओ प्रशासन कैसे चलाएंगे, पंचायत कैसे चलेगी, इस पर उनकी नजर है। यहां के लोग बीते 6 महीने से बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। यहां बीते 15 सालों से तृणमूल कांग्रेस आतंक फैलाकर कटमनी और भ्रष्टाचार करते रहे। विपक्ष के रूप में भाजपा को आगे बढ़ने से जबरन रोका गया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामले में फंसा कर उन्हें जेल भेजा गया। तृणमूल के भय से व्यापक संख्या में भाजपा कर्मियों को घर छोड़ कर अन्यत्र पलायन करने पर मजबूर होना पड़ा था। शुक्रवार को पंचायत परिसर में केसरिया गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई दी गई। उन्होंने दावा किया कि अब सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि आमलोग भी खुश हैं। ग्राम पंचायत अब तृणमूल और भ्रष्टाचार से मुक्त हो गया। इस संबंध में प्रतिक्रिया लेने के लिए तृणमूल के ग्राम पंचायत प्रधान मनोरंजन बनर्जी और माधव तिवारी से संपर्क किया गया तो दोनों ने काॅल रिसीव नहीं किया।

SCROLL FOR NEXT