सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल के सेंट्रल रोड पर असमय डंपरों की आवाजाही एवं ओवरलोडिंग के मुद्दे पर भाजपा, कांग्रेस और स्थानीय लोगों ने मिलकर मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश के बावजूद इस इलाके में असमय ओवरलोड डंपर प्रवेश कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा हमेशा बना रहता है। बता दें कि इसी रोड से होकर आसनसोल रेलवे के गुड्स शेड में डंपरों का आना-जाना होता है। स्थानीय लोगों की बार-बार मांग के बावजूद डंपर संचालन पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।
हालांकि, आंदोलन के दौरान कांग्रेस और भाजपा समर्थक कुछ देर के लिए आपस में उलझ गए। एक वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भाजपा के कुछ समर्थक कांग्रेस समर्थकों से मारपीट करने की बात कहते सुने जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप एवं स्थानीय लोगों के प्रयास से यह मामला आगे नहीं बढ़ा। कांग्रेस नेता प्रसनजीत पुरी का कहना है कि पुलिस कमिश्नर द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों की अवहेलना हो रही है और स्थानीय पुलिस अधिकारी पुलिस कमिश्नर के आदेश की जानकारी होने से ही इनकार कर रहे हैं।
वहीं, भाजपा नेताओं का कहना है कि असमय और नियम-विरुद्ध चल रहे भारी डंपरों के संचालन के खिलाफ स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा है। शनिवार को सड़क पर उतरे जनाक्रोश में राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखते हुए विपक्ष और स्थानीय जनता ने मिलकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक असमय डंपरों का परिचालन बंद नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
मुख्य विवाद क्या है?
स्थानीय निवासियों का कहना है कि व्यस्त समय और नो-एंट्री के निर्धारित घंटों के बावजूद भारी डंपर खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के लिए ये तेज रफ्तार डंपर काल साबित हो रहे हैं। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द ही नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।