सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए पुरुलिया जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। रघुनाथपुर और नितुरिया थाना क्षेत्रों में मोटर व्हीकल्स इंस्पेक्टर (MVI) के साथ समन्वय कर चलाए गए इस अभियान में निर्धारित क्षमता से अधिक माल लादकर चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पांच ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, निर्धारित सीमा से अधिक माल लेकर चलने वाले इन वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान रघुनाथपुर के SDPO रोहेद शेख, रघुनाथपुर थाना प्रभारी अतनु सांतरा, CI तथा MVI सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न वाहनों की जांच करते हुए ओवरलोडिंग की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि क्षमता से अधिक माल लादकर वाहन चलाना केवल यातायात नियमों का उल्लंघन ही नहीं है, बल्कि इससे वाहन का संतुलन प्रभावित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए वाहन मालिकों और चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही माल लादने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
ओवरलोडिंग के खिलाफ लगातार निगरानी और सख्ती से कार्रवाई सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और परिवहन विभाग की इस तरह की संयुक्त कार्रवाई से भारी वाहनों की मनमानी पर अंकुश लगेगा और सड़कों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था कायम करने में मदद मिलेगी।