सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुरुलिया जिला पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोटशिला और बोड़ो थाना क्षेत्रों में संयुक्त रूप से छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल (फर्मेंटेड वॉश) को जब्त कर मौके पर ही नष्ट किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटशिला थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोटशिला थाना क्षेत्र के उत्तर टाटुआरा, तहवरबेड़ा और बड़ारोला गांवों में छापेमारी की। इस दौरान करीब 1,500 लीटर फर्मेंटेड वॉश तथा 40 लीटर अवैध रूप से तैयार की गई देसी शराब जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई। वहीं, दूसरी ओर बोड़ो थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बोड़ो थाना क्षेत्र के जामिरा गांव में अभियान चलाया। यहां अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले करीब 300 से 400 लीटर फर्मेंटेड वॉश को मौके पर ही नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर रही हैं।